
पटना। द न्यूज़। बिहार प्रदेश आम आदमी पार्टी की कार्यकारिणी में भारी फेरबदल होने की संभावना है। इस सन्दर्भ में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी अजेश यादव और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव के बीच गहन मंत्रणा हुई है। प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव से बातचीत में प्रभारी अजेश यादव ने सुझाव दिया कि विधानसभा एवं एमएलसी चुनाव के बाद प्रदेश कार्यकारिणी में व्यापक फेरबदल करते हुए संगठन में सक्रिय और पार्टी समर्पित साथियों को प्राथमिकता दी जाए। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश महासचिव केशव किशोर से भी फोन पर बातचीत कर साथियों की संगठनात्मक सक्रियता एवं कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।साथ ही, आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पूरी मजबूती से लड़ने और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने का निर्देश दिया। ज्ञात हो कि अजेश यादव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आम आदमी पार्टी बिहार ने पहली बार विधानसभा एवं विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि उनके दिशा-निर्देशों के अनुरूप बिहार में संगठन को और मजबूत करने तथा पार्टी के विस्तार के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।