पटना। द न्यूज।पूर्णिया से मखाना का पहला निर्यात कंसाइनमेंट 21 जनवरी को दुबई के लिए रवाना किया गया। कृषि विभाग द्वारा हरी झंडी दिखाकर कंटेनर को भेजा गया, जिससे बिहार के मखाना उत्पादकों और निर्यात क्षेत्र में नई उम्मीद जगी है। यह पहली बार है जब पूर्णिया से सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए मखाना का कंटेनर निर्यात किया गया है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने इसे केवल शुरुआत बताते हुए कहा कि आने वाले समय में मखाना के निर्यात को और अधिक संगठित व व्यापक स्तर पर बढ़ाया जाएगा। विभाग का मानना है कि इससे किसानों को बेहतर दाम मिलेंगे और बिहार का मखाना वैश्विक पहचान हासिल करेगा।
इस पूरे प्रयास में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। उनके मार्गदर्शन में कृषि और निर्यात से जुड़े विभागों के बीच समन्वय स्थापित हुआ, जिसके चलते यह पहल धरातल पर उतर सकी।
मखाना, जिसे ‘सुपरफूड’ के रूप में अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिल रही है, अब दुबई जैसे बड़े बाजार तक पहुंच बनाकर बिहार की कृषि अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा। सरकार को उम्मीद है कि यह कदम किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ राज्य को कृषि निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
