बिहार चुनाव 2025: भोजपुरी सितारों की धूम, बॉलीवुड की चमक हुई फीकी

राइज ऑफ भोजपुरी

पटना। द न्यूज। विद्रोही की कलम से। एक समय था जब बिहार के चुनावी मंचों पर बॉलीवुड के सितारे छाए रहते थे। हेमा मालिनी, जितेंद्र, असरानी, राजेश खन्ना और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे बड़े नाम उम्मीदवारों के प्रचार के लिए पहले से बुक कर लिए जाते थे। इनकी एक झलक पाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ती थी। लेकिन वक्त के साथ यह तस्वीर बदल गई है।इस बार के विधानसभा चुनाव 2025 में बॉलीवुड कलाकारों की मांग लगभग खत्म हो चुकी है। अब उनके स्थान पर भोजपुरी फिल्मों के स्टार, गायिका और सिंगर प्रचार की पहली पसंद बन गए हैं। चाहे खेसारी लाल यादव हों, पवन सिंह, दिनेश लाल निरहुआ या फिर आम्रपाली दुबे और अक्षरा सिंह — हर पार्टी इन चेहरों को अपने प्रचार अभियान में शामिल करने को बेताब है।

भोजपुरी कलाकारों का स्थानीय जुड़ाव, भाषा की अपनापन और जनता के दिलों में उनकी लोकप्रियता ही उन्हें खास बनाती है। ग्रामीण इलाकों में तो उनकी पहुंच इतनी गहरी है कि राजनीतिक दलों के लिए ये “वोट खींचने वाले ब्रांड” साबित हो रहे हैं।राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव ने चुनावी प्रचार की दिशा ही बदल दी है — अब चमक-दमक वाले बॉलीवुड चेहरों की बजाय “भोजपुरी स्टार पावर” ही सबसे बड़ा आकर्षण बन गई है।स्पष्ट है, 2025 का बिहार चुनाव भोजपुरी रंग में पूरी तरह रंग चुका है।