कांग्रेस की 141वीं स्थापना दिवस पर लोकतंत्र की मजबूती का संकल्प, 5 जनवरी से ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ का ऐलान


पटना। द न्यूज़।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की 141वीं स्थापना दिवस एवं कांग्रेस सेवा दल के 102वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज 28 दिसंबर को सदाकत आश्रम में भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कांग्रेस ध्वज फहराया और सेवा दल को नया ध्वज सौंपते हुए सलामी ली।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए राजेश राम ने लोकतंत्र की मजबूती और संविधान की रक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 5 जनवरी से पूरे प्रदेश में ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि संविधान से प्रदत्त काम के अधिकार की गारंटी है, जिसकी रक्षा हर हाल में की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ग्रामीण मजदूरों के सम्मान, रोजगार, मज़दूरी और समय पर भुगतान के अधिकार के लिए एकजुट संघर्ष करेगी। मांग-आधारित रोजगार, ग्राम सभा के अधिकारों की रक्षा तथा मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने या मजदूरों के अधिकारों को ख़ैरात में बदलने की किसी भी साज़िश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
मनरेगा की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस पार्टी एवं सेवा दल ने सदाकत आश्रम से गांधी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पदयात्रा निकाली। पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा, बिहार के सह-प्रभारी शाहनवाज आलम एवं कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष डॉ. संजय यादव ने किया।


पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बांस घाट स्थित भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद गांधी मैदान पहुंचकर नेताओं ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र पर पूर्ण विश्वास रखते हुए गांव-गांव तक मनरेगा और मजदूरों के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करेगी।
इस मौके पर एआईसीसी सचिव सह बिहार प्रभारी शाहनवाज आलम, तौकीर आलम, पूर्व मंत्री डॉ. शकील अहमद खान, कृपानाथ पाठक, पूर्व विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा, विधायक सुरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, अभिषेक रंजन, विधान पार्षद राजीव कुमार, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़ सहित सैकड़ों कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं सेवा दल के सदस्य मौजूद रहे।