तो चिराग के लिए केंद्र सरकार में बत्ती गुल! अब केंद्र में भी लोजपा एनडीए का हिस्सा नहीं!

पटना। द न्यूज । ( विद्रोही)। पूर्व केंद्रीयमंत्री स्व. रामविलास पासवान जब तक जीवित रहे लोजपा बिहार के बाहर एनडीए के हिस्सा मानी जाती रही। भाजपा के शीर्ष नेता भी रामविलास पासवान के जीवित रहते ऐसा बयान दे रहे थे कि बिहार के बाहर लोजपा एनडीए के हिस्सा है। 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में आयोजित एनडीए के प्रेस कांफ्रेंस में स्पष्ट बताया गया कि बिहार में लोजपा एनडीए के हिस्सा नहीं है पर केंद्र में वह एनडीए के हिस्सा बने रहेगी। किन्तु 8 अक्टूबर को रामविलास पासवान के निधन के बाद भाजपा के शीर्ष नेताओं का सुर बदल गया। इसके पीछे यह भी कारण है कि इस बीच चिराग पासवान दनादन भाजपा नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर जदयू और भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव मैदान में खड़ा करते रहे। जबकि भाजपा के नेता रामविलास पासवान को ध्यान में रखकर चिराग के खिलाफ कड़ी टिप्पणी से बचते रहे किन्तु चिराग एक रणनीति की तहत नीतीश कुमार पर प्रहार कर एनडीए को कमजोर करते रहे। एक तरफ भाजपा अपने उम्मीदवारों को टिकट देने से किनारे करती तो दूसरी तरफ चिराग उन नेताओं को तुरंत लोक लेते थे। बना बनाया नेता लोजपा को मिल जाते। इससे अच्छा अवसर लोजपा को कहां मिलता। चिराग की इस रणनीति से भाजपा अब भी खासा परेशान है।भाजपा के वरिष्ठ नेता बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने आज स्पष्ट संकेत दिया कि लोजपा का दरवाजा केंद्र सरकार में भी बंद हो चुका है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने साफ कहा कि चिराग अब भ्रम में न रहे।

चुनाव में जन-जन तक अपनी बात पहुंचाने और प्रचार अभियान में तेजी लाने के लिए भाजपा ने शनिवार को मोदी लहर सॉन्ग (मोदी जी की लहर है) लॉन्च किया जिसमें पिछले 15 वर्षों में बिहार में हुए विकास की तस्वीर दिखाई गई है। संगीत के अलावा ई-कमल वेबसाइट भी लॉन्च की गई। भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव,प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल और वरिष्ठ नेता व सांसद मनोज तिवारी ने डिजिटल माध्यम से बेवसाइट और संगीत वीडियो लॉन्च करते हुए भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि विकास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है और भाजपा है तो भरोसा है। उन्होंने कहा कि हमने लोगों को रोज़गार देने का काम किया। मोदी जी ने ग़रीबों की झोपड़ी में बिजली, गैस कनेक्शन और 8 महीने तक मुफ्त राशन देने का काम किया। महागठबंधन के घोषणापत्र पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनके राज में चंपारण में पहले डकैतों को 250 से गैंग होते थे और ऐसा लगता है वे उसी इतिहास को दोहराना चाहते हैं, क्योंकि उन्होंने ऐसे ही लोगों को टिकट दिया है। उनकी तस्वीर में बिहार चारों तरफ से रक्तरंजित है।
भूपेंद्र यादव ने राजद पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सभी साथियों को धोखा देने का काम किया है, पहले जीतन राम मांझी फिर उपेंद्र कुशवाहा और अब मुकेश सहनी जी को भी धोखा देने का काम किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी कहा कि राजद में राजनीतिक शिष्टाचार नहीं है। जो बिहार की राजनीति में चार दलों को एक साल में धोखा दे, ऐसा अपिवत्र गठबंधन क्या बिहार की जनता का विश्वास हासिल करेगा ?
भूपेंद्र यादव ने कहा कि राजद के रास्ते उग्र वामपंथ बिहार में फिर से पैर पसारना चाह रहा है। उग्र वामपंथ ने पुराने समय में बिहार में वर्ग संघर्ष को बढ़ावा दिया था और आपस में लड़ाई करवाई थी। आरजेडी इस उग्र वामपंथ को अपने कंधे पर लेकर घूम रही है। बिहार 15 सालों में जदयू-भाजपा गठबंधन के कारण शांति के रास्ते पर चल रहा है। पहले बिहार के चुनावों में सैंकड़ों लोगों की मौत होती थी पर अब शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव होते हैं। भूपेंद्र यादव ने सवाल पूछते हुए कहा कि कांग्रेस-राजद माले को साथ लेकर बिहार में कौन सा वर्ग-संघर्ष शुरु करना चाहते हैं ? कांग्रेस को इसका जवाब देना होगा। भूपेंद्र यादव ने राजद को कमजोर नेतृत्व वाली पार्टी बताते हुए कहा कि अब तो साफ होने लगा है, आरजेडी पर उग्र वामपंथी दल ‘माले’ का कब्जा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता मानती है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए जो योजनाएं बनाई हैं वो अच्छी हैं। जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में एनडीए तीन चौथाई बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि गीत में जो बातें कही गई है वो बिहार के जन-जन को पता है। बिहार के युवा, बहनें, किसान इस गीत को समझ सकते हैं और ये विश्वास भी कर सकते हैं कि बीजेपी जो कहती है वो करती है। कार्यक्रम का संचालन भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी व रा. प्रवक्ता संजय मयूख ने किया।