प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए दाखिल किया नामांकन पत्र और स्काउट गाइड मैदान से लेकर समाहरणालय तक की पदयात्रा, बोले- यह मेरा नामांकन नहीं बल्कि बिहार के बेहतर भविष्य का नामांकन है

पटना। द न्यूज़। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने स्काउट एवं गाइड मैदान से विशाल पदयात्रा की शुरुआत की, जो कोतवाली थाना, डाकबंगला, एसपी वर्मा रोड, जेपी गोलंबर और गांधी मैदान होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय लोग पदयात्रा में शामिल हुए। नामांकन यात्रा के दौरान समर्थकों में उत्साह देखने को मिला और पूरा मार्ग पर “लड़ेंगे बांकीपुर, जीतेंगे बांकीपुर” के नारों से गूंज उठा। नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पीके ने कहा कि यह मेरा नामांकन नहीं है, बिहार में बदलती हुई तस्वीर का नामांकन है बिहार के बेहतर भविष्य का नामांकन है और बिहार में अपराधी लोगों को कुर्सी छोड़ने का आह्वान है, इसका आगाज है।

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि बांकीपुर किसी पार्टी या नेता का गढ़ नहीं है बल्कि जनता का गढ़ है। जनता को तय करना है कि यह किसका गढ़ होगा। यह उपचुनाव विधायक चुनने का चुनाव नहीं है बिहार में नेतृत्व बदलने का चुनाव है। बिहार में बीजेपी के अहंकार को अंकुश लगाने का चुनाव है। यह बिहार में चुने हुए प्रतिनिधियों को जवाबदेह बनाने का चुनाव है।