मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम काल: प्रो. रणबीर नंदन

पटना। द न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि यह अवधि भारत के इतिहास में सेवा, सुशासन, विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम काल के रूप में याद की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और गरीब, किसान, महिला, युवा तथा वंचित वर्ग के जीवन में व्यापक परिवर्तन आया है।
प्रो. नंदन ने कहा कि मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन को बेहतर बनाया है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत की सफल वैक्सीन नीति, जी-20 की अध्यक्षता और अंतरिक्ष क्षेत्र में मिली उपलब्धियों ने देश की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नया सम्मान मिला है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे कार्यों ने सनातन संस्कृति के गौरव को पुनर्स्थापित किया है।
बिहार के संदर्भ में प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के विकास को नई गति दी है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, रेलवे नेटवर्क का आधुनिकीकरण, नए पुलों और सड़क परियोजनाओं का निर्माण, ऊर्जा क्षेत्र में निवेश तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से बिहार को बड़ा लाभ मिला है। राज्य में मेडिकल कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों और विद्युत परियोजनाओं के विकास के साथ-साथ युवाओं के लिए कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी विशेष महत्व दिया गया है। बोधगया, राजगीर, वैशाली, गया और सीतामढ़ी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के विकास तथा पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से राज्य की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है।
प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष केवल एक सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त करेगा और बिहार इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।