पटना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पूरे दिल से भाजपा के राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा को मनाने में जुट गया है। पटना प्रवास पर आए संघ के शीर्ष नेता भैया जी जोशी ने आज आरके सिन्हा से बात कर उनकी नाराजगी दूर करने की कोशिश की है।
कंकड़बाग स्थित संघ कार्यालय में भैयाजी जोशी आज श्री सिंहा को बुलाकर उनकी भावना से अवगत हुए। ज्ञात हो कि भैयाजी जोशी का स्थान संघप्रमुख मोहन भागवत के बाद आता है। संघ के दोनों नेताओं के बीच हुई आपसी वार्ता के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल सकी है। लेकिन समझा जाता है कि पूरा संघ आरके सिन्हा के साथ खड़ा है।
सूत्रों के अनुसार दो दिन पहले तक आरके सिन्हा विदेश दौरे पर थे, किंतु संघ के शीर्ष नेता के बुलावे पर वह स्वदेश आ गए। संघ समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी आरके सिन्हा से बात हुई है। संघ और पार्टी की मजबूती के लिए आरके सिन्हा इस चुनाव के मौके पर सेतु माने जा रहे हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि भाजपा के कई नेताओं को आरके सिन्हा को मनाने की जिम्मेवारी दी गयी पर उन नेताओं की आरके सिन्हा से बात करने की हिम्मत नहीं हुई। लिहाजा आरके सिन्हा से बात के लिए संघ ने बीड़ा उठाया। माना जा रहा है कि पार्टी हित मे कोई न कोई शीघ्र समाधान निकाल लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने विद्रोही तेवर दिखाने पर सतीश चंद्र दूबे और सचिदानंद राय को मना लिया है। एवज में उन दोनों नेताओं को तोहफा देने का भी एलान हुआ है। लेकिन आरके सिन्हा ने पार्टी के प्रति धैर्य और अपनी निष्ठा दिखलाई है। पटना साहिब से टिकट नहीं मिलने पर भी सिन्हा ने अपनी पार्टी के प्रति समर्पित भावना का परिचय दिया है। इस बात का एहसास पीएम और संघ नेताओं को भी है।