पटना। द न्यूज़। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर पूरे बिहार में शोक की लहर छा गयी है। चाहे सत्तापक्ष हो या विपक्ष सभी ने रामविलास पासवान के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय राज्य मानते अश्वनी चौबे, नित्यानंद राय, बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव, बिहार चुनाव प्रभारी देवेंद्र फड़नवीस , प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने शोक प्रकट किया है। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने श्री पासवान के निधन को बिहार की राजनीति की अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की ईश्वर से प्रार्थना की है।श्री मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री पासवान से उनका 30 वर्षों से ज्यादा का साथ- सम्पर्क रहा है। वे जिस भी विभाग के मंत्री रहे अपनी अमिट छाप छोड़ी और हमेशा पूरे देश और बिहार के लिए काम किया। उनके योगदान को बिहार की जनता कभी भूल नहीं सकती है।श्री पासवान एक ऐसे दलित नेता थे जो हमेशा समाज के सभी वर्गों से समन्वय और तालमेल बैठा कर अपनी राजनीति करते रहे। इसी वजह से दलितों, पिछड़ों के साथ सवर्णों का भी उन्हें हमेशा साथ मिला।दुख की इस घड़ी में ईश्वर उनके सभी समर्थकों, शुभचिंतकों को धैर्य प्रदान करें।