तो अब लालू का नहीं, नमो का जिन्न निकलेगा! भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान व गिरिराज ने कह दी बड़ी बात

 पटना। द न्यूज़। ( विद्रोही)। एक समय चुनाव के बाद मत पेटियों से लालू प्रसाद यादव का जिन्न निकला करता था और उनकी पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करती थी। उस जिन्न ने 15 वर्षों तक राजद को शासन में रखा। इस बार बिहार के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जिन्न प्रकट होने की बात होने लगी है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गिरिराज सिंह कहते हैं कि देखते रहिये इस बार नरेंद्र मोदी का जिन्न निकलेगा। जीत तो एनडीए की ही होगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बनेगें।

भाजपा नेता जीत के प्रति आश्वस्त हैं। भाजपा के दोनों नेता जोर देकर कहते हैं जीत एनडीए की होगी। हालांकि भाजपा अंदर ही अंदर महसूस कर रही है कि चिराग पासवान ने एनडीए को नुकसान कर दिया है। अबतक दो चरणों का चुनाव हुआ है। प्रदेश की 243 सीटों में 165 सीटों के चुनाव हो चुका है। शेष 76 सीटों के लिए 7 नवम्बर को मतदान होगा। विश्लेषकों का कहना है कि 20 से 25 सीटों पर चिराग ने सीधे जदयू को नुकसान पहुंचा दिया है। जबकि 76 सीटों पर चुनाव बाकी है।

हालांकि भाजपा नेता आधिकारिक रूप से चिराग से नुकसान की बात नहीं स्वीकार करते हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान कहते हैं कि जिस तरह बच्चे प्लास्टिक गदा से खेल करते हैं। भांजते हैं वैसे ही चिराग अपने गदा से नीतीश कुमार पर भांज रहे हैं। नीतीश को इससे नुकसान नहीं होगा।