बिहार भाजपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रवीन्द्र किशोर सिन्हा का पटना के दीघा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

  • सुपुत्र एवं भाजपा के राष्ट्रीय संकुल प्रकोष्ठ सह संयोजक ऋतुराज सिन्हा ने दी मुखाग्नि
  • मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रीगण एवं दलीय सीमाओं से परे वरिष्ठ नेताओं ने ‘अन्नपूर्णा’ आवास पहुँचकर दी श्रद्धांजलि

पटना: द न्यूज़।
बिहार भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रख्यात समाजसेवी डॉ. रवीन्द्र किशोर सिन्हा (आर.के. सिन्हा) का आज पटना स्थित दीघा घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उनके पुत्र एवं भाजपा के राष्ट्रीय संकुल प्रकोष्ठ सह संयोजक श्री ऋतुराज सिन्हा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुखाग्नि दी। घाट पर पुलिस बल द्वारा उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर अंतिम सलामी दी गई।

इससे पूर्व, डॉ. सिन्हा के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके पटना स्थित ‘अन्नपूर्णा’ आवास पर रखा गया, जहाँ विभिन्न दलों के राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उद्योग जगत की हस्तियों और आम नागरिकों का तांता लगा रहा।

वरिष्ठ नेताओं ने दी श्रद्धांजलि और बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी एवं उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने ‘अन्नपूर्णा’ आवास पहुँचकर डॉ. आर.के. सिन्हा के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों और उनके पुत्र श्री ऋतुराज सिन्हा से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा ईश्वर से इस असीम दुःख को सहन करने की प्रार्थना की।

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी ने भी आवास पर पहुँचकर दिवंगत नेता को नमन किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय नेतृत्व की रही व्यापक उपस्थिति
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से:

  • केंद्रीय मंत्रीगण: श्री नित्यानंद राय, श्री गिरिराज सिंह, श्री उपेंद्र कुशवाहा, श्री चिराग पासवान।
  • सांसद एवं वरिष्ठ नेता: पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद श्री रविशंकर प्रसाद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी, बिहार प्रभारी श्री हरीश द्विवेदी, पूर्व मंत्री श्री मंगल पांडे, श्री जनक राम, श्रीमती रेणु देवी, श्री तारकिशोर प्रसाद, जीवेश जी, राजू सिंह, आलोक जी ।
  • बिहार सरकार के मंत्री: श्री दिलीप जायसवाल, श्री मिथिलेश तिवारी।
  • संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी: भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री श्री सौदान सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री नागेंद्र नाथ, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री भीखू भाई दलसानिया सहित पार्टी व विभिन्न सामाजिक संगठनों के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
    नेताओं ने डॉ. आर.के. सिन्हा के निधन को बिहार की राजनीति, समाज सेवा और उद्योग जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि संगठन निर्माण और वंचितों के उत्थान में डॉ. सिन्हा का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
    दीघा घाट पर अंतिम विदाई के समय भी भारी संख्या में गणमान्य नागरिक, समर्थक और शुभचिंतक उपस्थित रहे, जिन्होंने अश्रुपूर्ण नेत्रों से अपने प्रिय नेता को विदाई दी।