धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने की पटनदेवी की पूजा अर्चना

पटना। द न्यूज़। धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने आज धर्मपत्नी संग राजधानी पटना स्थित सनातन आस्था के परम जाग्रत केंद्रों-माँ पटनदेवी, अगमकुआं स्थित माँ शीतला मंदिर, गोलघर स्थित माँ अखंडवासिनी मंदिर एवं बांसघाट स्थित माँ सिद्धेश्वरी काली मंदिर में विधि-विधान से दर्शन एवं पूजन-अर्चन का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। माँ भगवती के श्रीचरणों में शीश नवाकर समस्त बिहारवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति, समृद्धि एवं राज्य की निरंतर प्रगति के लिए मंगलकामना की। इस दौरान समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों के बीच यथोचित राशि का वितरण भी किया। पाटलिपुत्र की यह पावन धरा अनादि काल से शक्ति उपासना की तपोभूमि रही है। 51 शक्तिपीठों में प्रमुख माँ पटनदेवी सदियों से नगर रक्षिका के रूप में हमारी आस्था का केंद्र हैं। वहीं, आरोग्य प्रदायिनी माँ शीतला का आशीष, अखंडवासिनी मंदिर की निरंतर प्रज्वलित अखंड ज्योति का आध्यात्मिक तेज और गंगा तट पर स्थित माँ सिद्धेश्वरी काली की साधना स्थली हम सभी को सकारात्मक ऊर्जा और संबल प्रदान करती है। दर्शन के दौरान मंदिर परिसरों में श्रद्धालु जनों के लिए उपलब्ध नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद हमारी इन ऐतिहासिक व पौराणिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए निरंतर संकल्पित है। माँ जगदंबा की कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे।