पीएम मोदी के सेवा, स्वास्थ्य प्रकल्प से करोड़ों भारतवासियों को लाभ-प्रो. रणबीर नंदन


पटना। द न्यूज़।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को टीसीआई फाउंडेशन,कुम्हरार, में एक विशेष कार्यक्रम निःशुल्क कृत्रिम पैर वितरण का आयोजन किया गया। इस मौके पर बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने पीएम मोदी के सेवा कार्यों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की जमकर तारीफ की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि जब किसी परिवार में कोई गंभीर या लाइलाज बीमारी दस्तक देती है, तो पूरा परिवार प्रताड़ित हो जाता है। ऐसे मुश्किल वक्त में पीएम मोदी के जन्मदिन पर शुरू किए गए चिकित्सा सेवा प्रकल्प से देश के करोड़ों लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इसे आम जनमानस के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।

इस दौरान प्रो. नंदन ने मंच पर मौजूद पद्मश्री डॉ. आरएन सिंह के कृत्रिम अंग दान अभियान की भी खुले कंठ से सराहना की। उन्होंने कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता की बात का जिक्र करते हुए कहा कि कृत्रिम अंग लगने के बाद एक व्यक्ति आसानी से स्कूटर चलाकर अपना काम कर रहा है। यह उस परिवार और पूरे समाज के लिए बेहद सुखद है। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद और पूनम शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।बीजेपी कार्यकर्ताओं की कार्यशैली पर बात करते हुए रणबीर नंदन ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने सिर्फ राजनीति नहीं की है, बल्कि जीवन के विविध आयामों को अपनाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज सेवा और ज्ञान के मामले में बीजेपी का कार्यकर्ता सर्वश्रेष्ठ है। उनकी ट्रेनिंग ही मातृभूमि और समाज की सेवा के लिए होती है।इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि 24 सेवा प्रकल्प चल रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएन सिंह द्वारा कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण महान कार्य है।अपने संबोधन के अंत में प्रो. नंदन ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि सेवा की यह भावना हमेशा बनी रहनी चाहिए। व्यक्ति से परिवार, परिवार से समाज और समाज से एक मजबूत देश का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि सेवा भाव ही भारतीय जनता पार्टी की असली और मूल पूंजी है।