जनता के सुझावों से बनेगा भाजपा का घोषणा पत्र

उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने सोमवार को एलान किया किया कि भाजपा इसबार जनता के सुझावों से पार्टी का घोषणा पत्र तैयार करेगी। देश मे पहली बार इस तरह का अनूठा प्रयोग होने जा रहा है। कुछ इस तरह भाजपा ने आज लोक सभा चुनाव का आगाज किया:

 ‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ कार्यक्रम लोकतंत्र को मजबूत करने का अनूठा प्रयोग
 भारत में पहली बार कोई राजनितिक दल जन भागीदारी से चुनावी मेनिफेस्टो तैयार करेगी
 भाजपा जानेगी देशवासी कैसा भारत चाहते हैं, न्यू इंडिया के लिए उनकी परिकल्पना क्या है!
 वेबसाईट, व्हाट्सअप, ई-मेल, मिस्ड कॉल, 300 संकल्प रथों से देशभर में जन-संवाद होगा
 जनसंपर्क एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भाजपा देश के 10 करोड़ लोगों से संवाद करेगी
 2019 चुनाव में भाजपा का संकल्प पत्र भारत की जनता के विचार का संकल्प पत्र होगा
 यह भाजपा का नहीं बल्कि देश का कार्यक्रम है, यह भारत के लोकतंत्र को मजबूत करेगा
 घोषणापत्र लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण अंग है, इसकी पुनः प्रतिष्ठा चाहते हैं

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय से एक मास तक चलनेवाले व्यापक अभियान ‘संकल्प पत्रः भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर दोनों ने संकल्प रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ज्ञात हो कि संकल्प पत्र को तैयार करने के व्यापक अभियान हेतु लोगों के सुझावों को इकठ्ठा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सात माध्यमों: वेबसाईट, व्हाट्सअप, ई-मेल, मिस्ड कॉल, 300 से अधिक संकल्प रथ, सुझाव पेटियों और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से देश की लगभग 10 करोड़ जनता से सुझाव एकत्रित करने की अनूठी पहल शुरू की है। इस अवसर पर संकल्प रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर नित्यानंद राय ने कहा कि सरकार में जनता की भागीदारी का “भारत के मन की बात, मोदी के साथ” यह कार्यक्रम देश के लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का अनूठा प्रयोग है। हमने इस प्रयोग से अपने संकल्प पत्र का लोकतंत्रीकरण करने का प्रयत्न किया है। उन्होंने कहा, ‘देश के आम नागरिक कैसा भारत चाहते हैं, न्यू इंडिया के लिए उनकी परिकल्पना क्या है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार से उनकी क्या अपेक्षाएं हैं और उनके पास सरकार के लिए क्या-क्या सुझाव हैं, इसे जानने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने “संकल्प पत्र: भारत के मन की बात, मोदी के साथ” कार्यक्रम की शुरुआत की है।

इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा, ‘वेबसाइट www.bharatkemannkibaat.com, व्हाट्सअप, ई-मेल, मिस्ड कॉल नंबर 6357171717, 300 से अधिक संकल्प रथ, सुझाव पेटियों और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से अर्थात्सात माध्यमों से भारतीय जनता पार्टी ने आज से एक महीने तक देश के लगभग 10 करोड़ लोगों से जन-संपर्क के महा-अभियान की शुरुआत की है।इन सभी माध्यमों से एकत्रित सुझावों को संकलित किया जाएगा और फिर राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर कैटेगराइज्ड कर इसे श्री राजनाथ सिंह जी की अध्यक्षता में गठित संकल्प समिति संकल्प पत्र के रूप में देश की जनता के सामने ले जायेगी।

बिहार भाजपा अध्यक्ष ने इस कार्यक्रम को अनूठा प्रयोग बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता 300 संकल्प रथ, लगभग 7700 सुझाव पेटियों के साथ लगभग 4000 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क करेंगे और लोगों के सुझाव को एकत्रित करेंगे। सुझावों के संकलन के लिए राज्य में 20 लोगों की टीम गठित की गयी है, जो अपने सुझाव केंद्र को भेजेंगे, जहां फिर 30 लोगों की टीम इसकी समीक्षा करेगी। पूरे संकल्प पत्र को 12 विभागों में बांटा गया है, जिसमें किसानों, युवाओं, महिला सशक्तीकरण, समावेशी विकास, गुड गवर्नेंस, अर्थव्वयस्था, आधारभूत निर्माण, शिक्षा और कौशल विकास, सांस्कृतिक धरोहर और कामकाजी वर्ग आदि जैसे मुद्दे केंद्र में है।

उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इस मौके पर भाजपा को अलग तरह का राजनैतिक दल बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘पार्टी विद अ डिफरेंस’ है और इसका आंतरिक लोकतंत्र बहुत मजबूत है। बाकी पार्टियों के लिए चुनाव भले ही किसी तरह सत्ता प्राप्ति का जरिया है, लेकिन भाजपा के लिए यह जनसंपर्क और लोकतंत्रीकरण का जरिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत रखा क्योंकि इसका मानना है कि अगर पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र नहीं तो फिर वह पार्टी देश का क्या भला करेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा वोट बैंक का सृजन करनेवाली, पारिवारिक पार्टी नहीं, बल्कि विचारधारा के आधार पर जनमत का निर्माण करनेवाली पार्टी है। उन्होंने कहा, ‘हमारे लिए चुनाव का उद्देश्य देश के हर नागरिक से संपर्क करना, देश के हर नागरिक तक पार्टी के कार्यक्रमों और पार्टी की विचारधारा को पहुंचाना, इसके माध्यम से जनमत का संग्रह करना और जनमत को चुनावी जनादेश के रूप में परिवर्तित करना होता है।’

संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष नीतीश मिश्र, देवेश कुमार, अनिल शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, संजय टाइगर, निखिल आनंद, अरविंद ठाकुर समेत वरिष्ठ नेता मौजुत थे।