उपमुख्यमंत्री तारकिशोर ने एक यात्रा से बिहार के लिए साधे कई पैगाम। मिले कई मंत्रियों से


पटना। द न्यूज़। बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद आज दिल्ली दौरे के क्रम में बिहार के हित में कई मंत्रियों से मुलाकात किये। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात कर बिहार के विकास पर चर्चा की। केंद्रीय पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान उन्होंने बिहार सरकार के स्तर से त्रि-स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण एवं पंचायत स्तर पर विकासवादी योजनाओं के समुचित क्रियान्वयन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बिहार के लिए सात निश्चय पार्ट-2 के अंतर्गत पंचायत स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जा रहा है।
दिल्ली दौरे के क्रम में उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर बिहार में शिक्षा की बेहतरी तथा युवाओं के कौशल विकास हेतु उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय पार्ट-2 के तहत उद्यमिता एवं कौशल विकास के लिए अलग से विभाग का गठन करते हुए कौशल विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम संचालित किए गए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने आज दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय भाजपा मुख्यालय में विभिन्न राज्यों से आए हुए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सांसद श्री हरीश द्विवेदी से मुलाकात कर बिहार राज्य के विकासात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान बिहार विधान पार्षद संजय मयूख भी साथ रहे।