भाजपा अपना सारा दाव बिहार चुनाव पर खेल जाएगी

 पटना। द न्यूज़ ( विद्रोही)। कोरोना काल में होने जा रहा बिहार में पहला चुनाव भाजपा के महारथियों के लिए महाभारत युद्ध से कम नहीं है। बिहार चुनाव जीतने के लिए बीजेपी अपना सारा दाव लगा देगी। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने बिहार चुनाव को करो या मरो नीति पर फाइट करने का निर्देश दिया है। चूंकि पूरे प्रचार में इस बार प्रधानमंत्री बिहार में नहीं आएंगे इसलिए भाजपा के लिए थोड़ी कड़ी परीक्षा खड़ी हो जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से ही वर्चुअल माध्यम से चुनाव प्रचार करेंगें जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ग्राउंड पर कमान संभालेंगे। खास है कि इस बार चुनाव में नेता का उतना महत्व नही है जितना की मैनेजमेंट का। राजनीतिक दलों का प्रबंधन इस बार बड़ी भूमिका निभाएगा। नेता जी न तो मैदान में रैली कर पाएंगे न ही जनता उनकी रैली में जलवा देखने जाएगी। सड़क पर न धूल उड़ेगी और न ही रैलियों में समा बांधने के लिए हांथी घोड़े का जुलूस निकलेगा। जो जितना वोटरों का प्रबंधन कर लेगा उसी की जीत होगी। लिहाजा इस बार चुनाव में मीडिया की अहम भूमिका हो जाएगी।

भाजपा के नेता इस कोरोना काल के चुनाव के महत्व को अच्छी तरह जानते हैं। वे अच्छी तरह जानते हैं कि भले ही आर्थिक स्थिति चरमरा गई। लाखों लोगों को पैदल चलना पड़ा। लाखों के रोजगार छीन गए पर चुनाव यदि जीत गए तो सीना चौड़ी हो जाएगी। कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहला लिटमस टेस्ट बिहार के चुनाव में होने जा रहा है। बिहार की जनता का भी टेस्ट इस चुनाव से हो जाएगा। लिहाजा बिहार का चुनाव इतिहास लिखेगा। बिहार के चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश व असम विधानसभा का चुनाव होने वाला है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ज्यादा भरोसा नहीं कर सकती। असम के वही हाल है। दोनों जगह एनआरसी का प्रभाव दिखेगा। उत्तर प्रदेश में भाजपा का बड़ा वोटबैंक ब्राह्मण पार्टी से नाराज बताए जाते हैं। शीर्ष नेतृत्व भले ही सोचे कि ब्राह्मणों को नया प्रलोभन देकर चुनाव के ऐन वक्त पर मना लेंगे पर नाराजगी चारों तरफ अंदर ही अंदर चिंगारी बन रही है। ऐसे में बिहार का चुनाव जीतना भाजपा के लिए करो या मरो से कम नहीं है। अभी से बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, संगठन मंत्री बीएल संतोष अपनी टीम के साथ पटना पहुंच गए हैं। अतिथि नेताओं के रहने के लिए करीब 20 फ्लैट किराए पर लिया जा रहा है। शहर के किदवई पूरी में तीन मंजिला मीडिया सेंटर तैयार हो रहा है। 6 सितंबर के बाद तो केंद्रीय नेताओं का तांता लग जायेगा।

बिहार चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने मजबूत रणनीति तैयार कर ली है। बूथ पर सप्तऋषियों की टीम के साथ मीडिया का पैनल खड़ा कर दिया है। हाल ही में प्रदेश भाजपा का 23 ग्रुप सभी जिलों का दौरा कर लौट आया है। कार्यकर्ताओं को रोजाना मंत्र दिए जा रहे हैं।