कुढ़नी में जदयू व भाजपा की अग्निपरीक्षा

पटना। द न्यूज़। मोकामा व गोपालगंज विधानसभा उपचुनाव में तो महागठबंधन के साथी राजद व एनडीए के मुख्य घटक बीजेपी ने एक-एक सीट जीत कर बराबरी का संदेश दे दिया पर कुढ़नी में होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव बिहार के भावी समीकरण बनाने के लिए निर्णायक साबित होगा। इस सीट पर जदयू उम्मीदवार की सीधी टक्कर भाजपा से है। चूंकि सत्ता की कमान नीतीश कुमार के हांथ है इसलिए कुढ़नी का रिजल्ट बहुत कुछ बयान करेगा। जदयू और भाजपा दोनों ने सारी ताकत झोंक दी है।

जदयू के पूर्व विधान पार्षद एवं प्रदेश प्रवक्ता डॉ रणवीर नंदन ने कहा कि कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में जद यू के प्रत्याशी मनोज कुशवाहा की जीत तय है और यहां का पूरा चित्रांश समाज मनोज कुशवाहा के पक्ष में एकजुट है। डॉक्टर नंदन कुढनी विधानसभा चुनाव के लिए गुदरी बाजार , मनियारी, केरमा,बागी, सोनवर्षा, मरीचा, सहित कई जगहों पर चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं के साथ जनसंपर्क कर रहे थे। उन्होंने कहा के बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में समाज के सभी वर्ग एवं सभी क्षेत्र में समान रूप से विकास किया है जिसका लाभ समाज के हर तबके को मिल रहा है। मुख्यमंत्री जी के कार्यकाल में प्रदेश में बिजली, स्कूल, अस्पताल, सड़क, पुल पुलिया सहित कृषि के क्षेत्र में भी कृषि रोड मैप के माध्यम से समाज के सभी वर्ग का विकास हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने खासकर चित्रांश परिवार के लिए चित्रगुप्त पूजा के दिन छुट्टी की घोषणा कर समाज के लोगों के लिए बड़ा काम किया है। डॉक्टर नंदन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश के बाद चित्रगुप्त पूजा के दिन राज्य के सभी निबंधन कार्यालयों में अवकाश मिला।
बिहार सरकार ने चित्रगुप्त पूजा के दिन आधिकारिक छुट्टी दे रखी थी। लेकिन, विभागीय निर्देश के बाद रजिस्ट्री ऑफिस को खोला जाना था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कायस्थों की भावना का आदर करते हुए छुट्टी को बरकरार रखने का आदेश दिया था। इस मामले में बिहार धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य व पूर्व विधान पार्षद प्रो. रणबीर नंदन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से चित्रगुप्त पूजन के दिन रजिस्ट्री ऑफिस बंद रखने का आग्रह किया था। क्योंकि रजिस्ट्री के कार्यालयों से अधिकतर कर्मी कायस्थ समाज से जुड़े हैं और कायस्थ समाज के लोग चित्रगुप्त पूजन के दिन पूजा करने के बाद कलम नहीं छूते हैं।ऐसे में चित्रगुप्त पूजा के दिन कार्यालय खुला रखने से समाज के लोगों को परेशानी होती। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास से प्रभावित होकर गांव की ओर लौट रहे हैं। वैज्ञानिक खेती कर रहे हैं। डॉक्टर नंदन ने कहा की चित्रांश समाज के लोग माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार का विकास पुरुष मानते हैं और उनके ही नेतृत्व में बिहार के उत्तरोत्तर विकास की कामना करते हैं और यहां के दस हजार से अधिक चितांश मतदाता 5 दिसंबर के दिन सुबह से हैं लाइन में रहकर मनोज कुशवाहा के पक्ष में मतदान करेंगे। इस मौके पर जिला महासचिव रवि श्रीवास्तव, प्रो विजय वर्मा, अजीत कुमार, विजय कुमार, मदन कुमार सिन्हा, रीतेश कुमार सिन्हा, अंजनी कुमार सिन्हा सहित सकड़ो चित्रांश समाज के लोग शामिल थे।