1474 ट्रेन से अबतक 20.52 लाख श्रमिक बिहार पहुंचे। बिहार में कोरोना के 4422 पॉजिटिव केस


पटना ( द न्यूज़)। बिहार में अबतक 1474 ट्रेनें पहुंच चुकी है। इस ट्रेन के जरिये 20 लाख 52 हजार लोग बिहार पहुंच चुके हैं। बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सूचना जन-सम्पर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं पुलिस मुख्यालय से ए.डी.जी जितेन्द्र कुमार ने मीडियाकर्मियों को कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
सूचना सचिव अनुपम कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कमार ने आज मुख्य सचिव एवं अन्य वरिय पदाधिकारियों के साथ वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति एवं रोजगार पर विशेष चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण आवास संबंधित कार्यों में तेजी लाने को लेकर ग्रामीण विकास विभाग को निर्देश दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ग्रामीण संपर्क योजना एवं मेंटेंनेंस के लिए बिहार ग्रामीण पथ अनुरक्षण निति के अंतर्गत पड़ने वाली सड़कों के काम में तेजी लाने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग को निर्देश दिया गया।
सूचना सचिव ने कहा कि अभी 10 हजार 7 सौ 39 ब्लाक क्वारंटाईन सेंटर में 3 लाख 72 हजार 2 सौ 22 लोग आवासित हैं। अब तक ब्लाक क्वारंटाईन सेंटर में कुल 15 लाख 03 हजार 8 सौ लोग रहे, इनमें से 11 लाख 31 हजार 5 सौ 78 लोगों के क्वारंटाईन पीरियड पूरा होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। लाँकडाउन के कारण बिहार के बाहर फंसे बिहार के 20 लाख 71 हजार 4 सौ 62 आवेदकों के खाते में 1000 रूपये की राशि भेज दी गई है। यह राशि मुख्यमंत्री विशेष सहायता के तहत मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जाती है। फरवरी, मार्च एवं अप्रैल में आसमयिक बारिश एवं ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति के लिए कृषि इनपुट अनुदान के लिए 730 करोड़ निर्गत किए गए थे। इनमें से 12 लाख 34 लाख किसानों के खाते में 416 करोड़ 84 लाख की राशि भेज दी गई है। 1 करोड़ 41 लाख राशनकार्डधारी परिवारों के खाते में अब तक 1000 रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। वहीं 22 लाख चिन्हित राशनकार्डविहीन परिवारों के खाते में भी 1000 रुपये की सहायता राशि राशि भेजी जा चुकी है। लॉकडाउन के समय से अब तक 4 करोड़ 76 लाख मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है। आज 9 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से बिहार के बाहर से 14 हजार 8 सौ 50 श्रमिक एवं शुक्रवार को 8 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से 13 हजार 2 सौ श्रमिक वापस आएंगे। लॉकडाउन के समय से अब तक कुल 1474 ट्रेनों के माध्यम से 20 लाख 51 हजार 83 लोग दूसरे राज्यों से वापस बिहार आ चुके हैं।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जानकारी देते हुए एडीजी पुलिस मुख्यालय जितेन्द्र कुमार ने कहा कि गृह मंत्रालय के गाइडलाईन्स का सख्ती से अनुपालन कराया जा रहा है , इसके उल्लंघन को लेकर पिछले 24 घंटे में अब तक 01 एफआरआई दर्ज की गई है और 275 वाहन जब्त किए गए हैं।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में अब तक कोरोना संक्रमण के 88313 जाँच किए जा चुके हैं, जिनमें से 4422 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 147 नए मामले सामने आए हैं और 95 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। 3 मई के बाद आए बाहर से आए लोगों के सैंपल जॉंच किए गए जिनमें 3187 पॉजिटिव पाए गए।